



ऋषिकेश, 7 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस (इंटरनेशनल डे ऑफ क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काइज) के अवसर पर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश के तत्वावधान में ऋषिकेश पब्लिक स्कूल में “क्लीन एयर अवेयरनेस प्रोग्राम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच स्लोगन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर उन्हें स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एस.एस. भंडारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों, स्वच्छ वायु के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वच्छ हवा स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। विशेष रूप से युवाओं की भूमिका पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने, पैदल चलने एवं साइकिल के प्रयोग को अपनाने, कचरे को कम करने तथा ऊर्जा संरक्षण जैसे उपायों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं अपने शहर को प्रदूषणमुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने
कहा कि स्वच्छ वायु केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वच्छ पर्यावरण और प्रदूषणमुक्त ऋषिकेश के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

