भद्रकाली मंदिर मार्ग पर पालिका का बड़ा एक्शन, राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे से हटाया अवैध अतिक्रमण



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) मुनिकीरेती-ढालवाला, 29 अगस्त नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को भद्रकाली मंदिर मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगी अवैध ठेली-रेहड़ियों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।

उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के अनुपालन में पालिका टीम ने ढालवाला से भद्रकाली होते हुए पीडब्ल्यूडी चौराहे तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। अतिक्रमण हटने के बाद मार्ग अधिक व्यवस्थित नजर आया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ ही पैदल यात्रियों की आवाजाही भी सुरक्षित होगी।

पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों, सड़क किनारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

पालिका प्रशासन ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक मार्गों पर ठेली-रेहड़ी अथवा किसी अन्य माध्यम से अतिक्रमण न करें और स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं अतिक्रमणमुक्त नगर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सजवाण, रोहित, सूरज एवं पर्यावरण पर्यवेक्षक राजू सहित पालिका के कर्मचारी सक्रिय रहे।

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने कहा कि नगर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक मार्गों की सुरक्षा को बेहतर बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!