

ऋषिकेश, (आशीष कुकरेती) 25 जून नगर निगम ऋषिकेश में गुरुवार को महापौर शंभू पासवान ने “भारत बचाओ आंदोलन” के अंतर्गत संचालित स्वदेशी शिक्षा, भारतीय संस्कृति, आयुर्वेद, योग तथा गौ संरक्षण संबंधी जन-जागरूकता अभियान को अपना समर्थन प्रदान किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी एवं स्वर्गीय राजीव दीक्षित के शिष्य तथा कराटे कोच अजय यादव का महापौर ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
महापौर शंभू पासवान ने कहा कि अजय यादव द्वारा स्वदेशी विचारों, भारतीय संस्कृति, आयुर्वेद, योग और गौ संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया जा रहा यह अभियान युवाओं और समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अजय यादव के साहस, समर्पण और जनहितकारी प्रयासों की सराहना करते हुए उनकी यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रेमी ओम प्रकाश गुप्ता, विक्रम थापा तथा उत्तराखंड कराटे एकेडमी ऋषिकेश के निदेशक राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि अजय यादव 18 मई 2026 को आजमगढ़ से अपनी दौड़ यात्रा पर निकले थे। वे प्रतिदिन लगभग 35 से 40 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए लोगों तक स्वदेशी और राष्ट्रहित के संदेश पहुंचा रहे हैं। ऋषिकेश पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अजय यादव के संकल्प, समर्पण एवं राष्ट्रहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनके अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

