एम्स ऋषिकेश में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया।



 

ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) एम्स ऋषिकेश में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र पर्व पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रोफेसर (डॉ.) मीनू सिंह ने ध्वजारोहण कर देश की आन, बान और शान तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान प्रोफे. मीनू सिंह ने देश के शहीदों को याद कर उन्हें नमन किया और अपने सम्बोधन में संस्थान की उपलब्धियों गिनाते हुए भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। संस्थान परिसर क्षेत्र में एम्स की पाईप बैंड टोली द्वारा निकाली गई शानदार परेड समारोह का विशेष आकर्षण रही।

उन्होंने बताया कि संस्थान ने पिछले वर्ष एन.आई.आर.एफ. की रैंकिंग में देशभर में 13वां स्थान प्राप्त किया है, जो संस्थान के बुनियादी ढांचे और शिक्षण व्यवस्था के मानकों में लगातार हो रहे सुधार को दर्शाता है। ड्रोन-आधारित चिकित्सा सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा संचालित इस तकनीक आधारित मेडिकल सेवा से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक दवाएं पहुँचाने का समय काफी कम हो गया है। कहा कि हमने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत रोगी पंजीकरण को सुव्यवस्थित किया है, जिससे न केवल अस्पताल ‘पेपरलेस’ हुआ है अपितु रोगियों को ओपीडी की लंबी लाइनों से छुटकारा मिल रहा है। प्रोफे मीनू सिंह ने सुरक्षा कर्मियों द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना की। कहा कि उपनल के माध्यम से सेवा दे रहे सुरक्षाकर्मी रात दिन इस संस्थान के विशाल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। निदेशक ने हाइपरबेरिक ऑक्सीजन यूनिट की शुरुआत और रोबोटिक सर्जरी विंग का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे आम आदमी तक स्वास्थ्य सुविधाओं की वैश्विक तकनीक पहुँचाने की उपलब्धि से जोड़ा। शीघ्र शुरू होने जा रही संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा उन्होंने भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों व योजनाओं के बाबत विस्तृत जानकारी के साथ ही उनका महत्व भी बताया।

इस अवसर पर संस्थान परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। साथ ही कार्यकारी निदेशक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में डीन एकेडमिक प्रोफेसर (डॉ.) सौरभ वार्ष्णेय, मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो बी सत्या श्री, उप निदेशक (प्रशासन) ले. कर्नल गोपाल मेहरा, अधीक्षण अभियंता ले. कर्नल राजेश जुयाल, डिप्टी चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर कमांडेंट अनिल चन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक, मेडिकल स्टूडेंट्स, संस्थान के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!