


टिहरी गढ़वाल, 22 अक्टूबर निदेशालय खेल, उत्तराखंड देहरादून के सौजन्य एवं जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से 26 और 27 अक्टूबर 2026 को बालक ओपन वर्ग में अनुसूचित जाति के खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज, चंबा में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीम में 10 खिलाड़ी और एक टीम मैनेजर सहित कुल 11 सदस्य होंगे। प्रतिभागियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति अथवा विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें सभी खिलाड़ियों के अनुसूचित जाति वर्ग से होने की पुष्टि की गई हो।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों एवं टीम मैनेजर को विभागीय मानकों के अनुसार आने-जाने का किराया, भोजन, आवास एवं अन्य अनुमन्य व्यय की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए संबंधित टीमों को व्यय के बिल दो प्रतियों में जिला खेल कार्यालय में प्रस्तुत करने होंगे। नियमानुसार स्वीकृत धनराशि का भुगतान कोषागार के माध्यम से ऑनलाइन संबंधित टीम मैनेजर के खाते में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी एवं टीम मैनेजर अपनी सहमति 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित प्रशिक्षक राजीव पेटवाल के मोबाइल नंबर 9634792925 पर दर्ज करा सकते हैं

