


ऋषिकेश, 20 अक्टूबर बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर संघर्ष समिति के सदस्यों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर वह शुरुआत से ही लगातार अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री की ओर से सकारात्मक रुख अपनाए जाने पर उन्होंने उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता के हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय के समाधान के लिए उनके प्रयास लगातार जारी हैं।
इस अवसर पर पार्षद हर्षवर्धन रावत, सुरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह रावत सहित अन्य लोगों ने कहा कि विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने हमेशा क्षेत्र की जनता से जुड़े विषयों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण में भी विधायक प्रारंभ से ही जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके निरंतर प्रयासों के चलते क्षेत्रवासियों के सामने तत्काल उजड़ने जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है।
इस दौरान पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, राम प्रसाद थपलियाल, राजेश चमोली, दिनेश शर्मा सहित संघर्ष समिति के सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

