मेजर दुर्गा मल्ल के बलिदान दिवस पर डोईवाला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) डोईवाला 25 अगस्त  मेजर दुर्गा मल्ल के बलिदान दिवस के अवसर पर वीर गोर्खा कल्याण समिति एवं शहीद दुर्गा मल्ल विकास समिति की ओर से डोईवाला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर अमर शहीद मेजर दुर्गा मल्ल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. अग्रवाल ने नगर पालिका सभागार में स्थापित मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में शहीद दुर्गा मल्ल चौक पहुंचे, जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मेजर दुर्गा मल्ल का जीवन साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों का त्याग देश सदैव स्मरण करता रहेगा।

उन्होंने बताया कि मेजर दुर्गा मल्ल का जन्म 1 जुलाई 1913 को डोईवाला के घिस्सरपड़ी में गंगाराम मल्ल छेत्री एवं श्रीमती पार्वती देवी छेत्री के घर हुआ था। मात्र 18 वर्ष की आयु में वर्ष 1931 में वे गोरखा राइफल की 2/1 बटालियन में भर्ती हुए।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1944 में आजाद हिंद फौज के लिए महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र करते समय मेजर दुर्गा मल्ल को मणिपुर में शत्रु सेना ने पकड़ लिया था। देश की स्वतंत्रता के लिए उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए किसी भी परिस्थिति में अपने संकल्प से समझौता नहीं किया। अंततः 25 अगस्त 1944 को उन्हें फांसी दे दी गई।

उन्होंने कहा कि मेजर दुर्गा मल्ल का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले ऐसे वीर सपूतों के जीवन, संघर्ष और त्याग से आने वाली पीढ़ियों को परिचित कराना हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, गोरखाली सुधार सभा अध्यक्ष के.के. थापा, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष दीपक थापा, सरिता गुरुंग, ईश्वर चंद अग्रवाल, विशाल थापा, कमल थापा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!